नाहन : नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर 4 और वार्ड नंबर 5 के मध्य स्थित जेल स्कूल मार्ग पर लंबे समय से जारी आवाजाही की समस्या पर आखिरकार विराम लग गया है। इस मुख्य संपर्क मार्ग पर बने गहरे-गहरे गड्ढों के कारण स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को आ रही भारी दिक्कतों को देखते हुए वार्ड नंबर 4 की पार्षद पूजा तोमर ने तुरंत कदम उठाया और नगर परिषद के माध्यम से इसकी मरम्मत का कार्य पूरा करवाया।
जेल स्कूल (हाउसिंग बोर्ड) को जोड़ने वाला यह रास्ता दैनिक आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पिछले काफी समय से सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी थी कि जगह-जगह बड़े-बरे गड्ढे उभर आए थे। इस वजह से दोपहिया वाहनों का संतुलन बिगड़ने और चार पहिया वाहनों के निचले हिस्से टकराने व फंसने की समस्याएं लगातार सामने आ रही थीं। हादसों के मंडराते खतरे और ट्रैफिक की दुर्दशा से तंग आकर स्थानीय निवासियों ने वार्ड पार्षद पूजा तोमर के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।

क्षेत्रवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद पूजा तोमर ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया। मरम्मत कार्य के दौरान पार्षद पूजा तोमर खुद मौके पर डटी रहीं और अपनी देखरेख में सोलिंग व गड्ढा भरान का काम पूरा करवाया। सड़क के सभी जानलेवा गड्ढों को भरने के लिए पत्थर और मिट्टी डलवाकर मार्ग को समतल कराया गया। फिलहाल रास्ते पर आवाजाही पूरी तरह सुचारू हो गई है, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
मामले पर जानकारी देते हुए पार्षद पूजा तोमर ने स्पष्ट किया कि निवासियों को हो रही दैनिक परेशानी को देखते हुए यह कार्य प्राथमिक तौर पर फौरी राहत प्रदान करने के लिए कराया गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की आगामी बैठक और बजट आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही इस पूरे जेल स्कूल-हाउसिंग बोर्ड मार्ग का पक्का निर्माण और लारिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय के लिए एक बेहतर सड़क की सुविधा मिल सके।