नाहन: सिरमौर जिला भाजपा के महामंत्री रणबीर ठाकुर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने इस नई जिम्मेदारी के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत, संगठन मंत्री सिद्धार्थन और जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित जिले के वरिष्ठ नेताओं के प्रति धन्यवाद प्रकट किया है।

रणबीर ठाकुर ने कहा कि इतनी कम उम्र में पार्टी की ओर से पच्छाद चुनाव क्षेत्र का प्रभारी जैसा बड़ा दायित्व मिलना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि वे पहले से भी अधिक निष्ठा, कर्मठता और तन्मयता के साथ दिन-रात एक कर पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में संगठन के लिए काम करेंगे।
संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि उनका प्रयास क्षेत्र के बूथ स्तर तक के पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना होगा। उन्होंने कहा कि युवा होने के नाते वे क्षेत्र की युवा शक्ति को और अधिक प्रेरित कर उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे।
गौरतलब है कि जिला महामंत्री और पच्छाद चुनाव क्षेत्र का प्रभार संभालने से पहले रणबीर ठाकुर जिला भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी के भीतर युवा कार्यकर्ताओं को संगठित करने में अहम भूमिका निभाई थी।