नाहन : जिला सिरमौर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईयू नाहन की पुलिस टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 1 किलो 125 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो मोटरसाइकिल पर सवार होकर चरस की खेप ले जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसआईयू की टीम गश्त के दौरान सतौन बस स्टैंड के समीप मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टीकाराम और मायाराम नामक दो व्यक्ति लंबे समय से आपसी मिलीभगत से शिलाई, सतौन और आसपास के क्षेत्रों में चरस बेचने का अवैध धंधा कर रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों आरोपी आज अपनी मोटरसाइकिल ( HP85AA-0305) पर कमरऊ की तरफ से सतौन की ओर आ रहे हैं और यदि तुरंत चेकिंग की जाए तो उनके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हो सकती है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और कमरऊ से सतौन की ओर आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया, जिसे पुलिसकर्मियों की मदद से रोककर काबू कर लिया गया। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम मायाराम पुत्र स्व. खजान सिंह तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम टीकाराम पुत्र संतराम बताया। दोनों आरोपी गांव बोहल, डाकघर व तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर (हि.प्र.) के निवासी हैं।
एसपी सिरमौर एन आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना पुरूवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगामी जांच जारी है।