पच्छाद में कृषि स्टार्टअप संचालक से 3 लाख की रंगदारी, जान से मारने की धमकी देने पर मामला दर्ज

नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में आधुनिक खेती को बढ़ावा दे रहे एक युवा उद्यमी से रंगदारी मांगने और उसे जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को सौंपी शिकायत में नवीन सिंह, निवासी आदर्श कुटीर, वार्ड नंबर 4, हब्बन रोड, राजगढ़, जिला सिरमौर ने बताया कि उन्होंने ग्राम बनूना (तहसील पच्छाद) में आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक कृषि स्टार्टअप स्थापित किया है। इस उद्यम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय किसानों की आय में वृद्धि करना और उनकी आजीविका में सुधार लाना है।

नवीन सिंह का आरोप है कि जब से उन्होंने इस कृषि उद्यम की स्थापना की है, तभी से ग्राम बनूना के ही निवासी गणेश दत्त उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप के मुताबिक, गणेश दत्त द्वारा स्टार्टअप संचालक को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और इस उद्यम को चलाने के एवज में तीन लाख रुपये की रंगदारी (पैसों) की मांग की जा रही है।

परेशान होकर पीड़ित उद्यमी ने 4 जुलाई को पुलिस थाना पच्छाद में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी गणेश दत्त के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अभियोग (FIR) पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।