बद्दी पुलिस की रेड में 252 बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

सोलन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अवैध शराब माफिया और नशे के कारोबार के खिलाफ बद्दी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना बद्दी की टीम ने वर्धमान चौक क्षेत्र में मुस्तैदी दिखाते हुए चाय-पकौड़े की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के रिहायशी क्वार्टर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 15 मई को बद्दी पुलिस की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वर्धमान चौक पर चाय-पकौड़े की दुकान चलाने वाला एक व्यक्ति अपने रिहायशी क्वार्टर में अवैध रूप से शराब जमा कर उसे ऊंचे दामों पर बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के रिहायशी क्वार्टर पर अचानक दबिश (रेड) दी।

जब पुलिस टीम ने क्वार्टर की सघन तलाशी ली, तो वहां मौजूद भारी मात्रा में शराब देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस ने मौके से 252 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। जब पुलिस ने आरोपी से इस शराब के संदर्भ में वैध दस्तावेज, लाइसेंस या परमिट मांगा, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

पकड़े गए आरोपी की पहचान उदयवीर पुत्र सत्यभान, निवासी गांव अतलापुर भोगी, डाकघर अब्दुल्लागंज, तहसील उझानी, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बद्दी के वर्धमान चौक पर चाय-पकौड़े की दुकान चलाता था। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम (HP Excise Act) की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहाँ से लाई गई थी और इसमें कौन-कौन से सप्लायर शामिल हैं। मामले में आगामी जांच लगातार जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।