सोलन : पुलिस जिला बद्दी द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नशा तस्करों पर शिकंजा और कड़ा कर दिया गया है। बद्दी पुलिस ने नशीले पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी प्रभावी आर्थिक प्रहार करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज एफआईआर के संबंध में नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक द्वारा आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर बनाई गई संपत्तियों को फ्रीज करने की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है। यह मामला आरोपी राहुल गुप्ता (पुत्र संतोष शाह, निवासी जिला सारण, बिहार; वर्तमान निवासी बद्दी) से जुड़ा है, जिसके कब्जे से पुलिस ने 10.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया था।
गहन वित्तीय जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार द्वारा नशे के कारोबार से कमाई गई करीब 1.97 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को चिह्नित कर फ्रीज किया है। इस संपत्ति में लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, वार्ड नंबर-7, बद्दी स्थित 6 बिस्वा भूमि और उस पर बना तीन मंजिला भवन शामिल है, जिसकी कुल कीमत 1,71,64,271 रुपये है। इसके अलावा 24,69,725 रुपये मूल्य की एक स्कॉर्पियो-एन गाड़ी और विभिन्न बैंक खातों में जमा 1,42,251 रुपये की राशि को भी फ्रीज किया गया है।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी राहुल गुप्ता की माता रिंकू देवी भी नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त रही है। वर्ष 2022 में बद्दी थाना पुलिस की टीम ने रिंकू देवी के कब्जे से 824 ग्राम गांजा और अवैध देशी शराब बरामद की थी, जिस पर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी, विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करों और उनकी अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने का यह अभियान आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा और नशे के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।