राजगढ़ में छोटी बच्ची के साथ कार में सवार पति-पत्नी को नदी में फेंकने का प्रयास, मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पुलिस थाना राजगढ़ के अंतर्गत गेईघाट के समीप एक कार सवार परिवार को पिकअप से टक्कर मारकर नदी में फेंकने के प्रयास और बाद में घर आकर मारपीट व गाड़ी में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में अंकुर (पुत्र रामकृष्ण), निवासी गांव व डाकघर करगाणू, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर ने बताया कि आज वह अपनी कार (नंबर HP 16A 1768) में पत्नी राजकुमारी और छोटी बच्ची के साथ नौणी से वापस अपने घर आ रहा था। जब वह गेईघाट के पास पहुँचा, तो रिंकू (राजेश) नामक व्यक्ति अपनी पिकअप से उसकी कार का पीछा करने लगा।

अंकुर के अनुसार, आरोपी उसकी कार को टक्कर मारकर पुल से नीचे नदी में फेंकना चाहता था। थोड़ी आगे चलने पर सामने से एक अन्य गाड़ी आ गई, जिससे अंकुर की कार तो निकल गई लेकिन आरोपी की पिकअप फंस गई, जिससे अंकुर और उसका परिवार बाल-बाल बच गए।

आगे जाकर जब अंकुर ने गांव में गाड़ी रोककर आरोपी से पूछा कि “परिवार साथ में है, उन्हें क्यों मारना चाहते हो?”, तो आरोपियों ने उसे धक्का दिया और हाथापाई शुरू कर दी। अंकुर ने अपने बचाव में पलटवार किया, जिसके बाद आरोपी भी मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद अंकुर किसी तरह अपने घर चला गया।

आरोप यहीं नहीं रुके। इसके बाद रिंकू और उसका भाई शिशुपाल अपने पूरे परिवार के साथ अंकुर के घर आ पहुँचे। उन्होंने लोहे की रॉड से अंकुर की कार (HP 16A 1768) के अगले व पिछले शीशे तोड़ दिए और जान से मारने की नीयत से हमला किया।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायतकर्ताओं के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।