नाहन : पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
पहले मामले में पुलिस को दी शिकायत में साजिद अली (निवासी गांव मेलियों, पांवटा साहिब) ने बताया कि 6 सितंबर की शाम करीब 7 बजे जब वह दुकान से छुट्टी करके घर लौट रहा था, तभी धौलाकुआं की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार सोनालिका ट्रैक्टर ने आगे चल रहे व्यक्ति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति सुलेमान (निवासी मेलियों) को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, हादसा ट्रैक्टर चालक नितेश कुमार (निवासी धौलाकुआं) की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ है।
दूसरे मामले में विनोद कुमार (निवासी पुरुवाला-कांशीपुर) ने शिकायत दर्ज करवाई कि 12 सितंबर की शाम को जब वह दुकान के बाहर खड़ा था, तभी पांवटा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (HP 17J 1859) ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक जितेन्द्र (पुत्र नीम चंद) मौके से मोटरसाइकिल लेकर पुरुवाला की ओर फरार हो गया। घायल महिला की पहचान साबरा (पत्नी इस्फ़ाख, निवासी गोपीवाला, बिजनौर, यूपी) के रूप में हुई है।
पुलिस थाना माजरा में दोनों मामलों के संबंध में आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।