सिरमौर: इकलौते बेटे की मौत पर इंसाफ की गुहार, पिता की शिकायत पर प्रबंधन पर FIR

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के धौलाकुआं स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) में बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के 19 वर्षीय छात्र प्रभात शुक्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। मृतक छात्र के परिजनों द्वारा संस्थान प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है।

मूल रूप से जबलपुर (मध्य प्रदेश) निवासी छात्र प्रभात शुक्ला (19) अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों का आरोप है कि 2024 में दाखिले के समय छात्र पूरी तरह स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत था, लेकिन संस्थान में लगातार हो रही बुलिंग और मानसिक प्रताड़ना के कारण वह डिप्रेशन का शिकार हो गया। मृतक के चाचा श्याम शुक्ला और मां ने बताया कि आत्महत्या से तीन दिन पहले भी छात्र ने अपने हाथ की नस काट ली थी, जिसके बाद उसे डॉक्टर के पास भी ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि संस्थान प्रबंधन ने इतनी गंभीर घटना की जानकारी उनसे छुपाकर रखी। यदि समय रहते उन्हें सूचित किया जाता, तो वे आकर अपने बच्चे को संभाल लेते और उसकी जान बचाई जा सकती थी।

परिजनों ने संस्थान पर 24 घंटे बाद मौत की जानकारी देने का आरोप लगाया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्र द्वारा दो-तीन दिन से फोन न उठाने पर उसके पिता अनुपम शुक्ला ने जबलपुर से आईआईएम धौलाकुआं के हॉस्टल वार्डन से संपर्क किया। इसके बाद जब कमरे की खिड़की तोड़कर देखा गया, तो छात्र फर्श पर अचेत पड़ा हुआ मिला और पंखे से चुन्नी लटकी पाई गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पांवटा साहिब श्मशान घाट में गमगीन माहौल में छात्र का अंतिम संस्कार किया गया।

बीते कल मृतक के पिता अनुपम शुक्ला की शिकायत पर पुलिस थाना माजरा में आईआईएम सिरमौर के अधिकारियों और प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में संस्थान प्रबंधन पर भारी लापरवाही बरतने, पर्याप्त निगरानी न रखने, घटना की जानकारी छुपाने तथा छात्र को बुलिंग व मानसिक उत्पीड़न के लिए मजबूर करने के संगीन आरोप लगाए गए हैं।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने छात्र का लॉक मोबाइल फोन और लैपटॉप अपने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। माजरा पुलिस थाना में मामला दर्ज होने के बाद अब संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों, वार्डन और साथी छात्रों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। SP ने बताया कि डिजिटल साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर गहन अन्वेषण जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।