सिरमौर का सपूत मनीष ठाकुर सिक्किम में देश के लिए शहीद, मातृभूमि पर न्यौछावर हुआ जीवन

नाहन :सिरमौर जिला के नाहन उपमंडल की कोलर पंचायत के बड़ाबन गांव का वीर सपूत लांस नायक मनीष ठाकुर सिक्किम में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गया। 27 वर्षीय मनीष ठाकुर का निधन 1 जून 2025 को शाम लगभग 7:30 बजे चट्टेन क्षेत्र में ब्रिगेड मुख्यालय के पास हुए भूस्खलन में हुआ। उनके बलिदान की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

लांस नायक मनीष ठाकुर ने वर्ष 2016 में भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा का संकल्प लिया था और बीते 8 वर्ष 8 महीने से वे निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। वह अपने पीछे पत्नी तनु देवी, माता किरण बाला और पिता जोगिंदर सिंह को छोड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि बेटे की शहादत पर उन्हें गर्व है, हालांकि दुख की यह घड़ी उनके लिए बेहद भारी है।

शहीद मनीष ठाकुर का पार्थिव शरीर ADLRS (Assured Decent Last Rites Scheme) के अंतर्गत सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव लाया जा रहा है। अंतिम संस्कार उनके गांव बड़ाबन, डाकघर कौलर, थाना व तहसील नाहन, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) में किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए सेना की ओर से सूबेदार दिनेश कुमार को उनके पार्थिव शरीर के साथ भेजा गया है, जो उन्हें अंतिम यात्रा तक ससम्मान पहुंचाएंगे।

सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर (से.नि.) दीपक धवन ने जानकारी की पुष्टि करते हुए बताया कि कि पार्थिव शरीर आज शाम तक या फिर कल सुबह तक गांव पहुंच जाएगा, और प्रशासन को इस संबंध में सूचना दे दी गई है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि शहीद की अंतिम यात्रा में प्रशासन, सेना, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे और पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। क्षेत्रवासियों की आंखें नम हैं, लेकिन शहीद के अदम्य साहस और बलिदान पर हर कोई गर्व महसूस कर रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed