सिरमौर के 3 खिलाड़ियों का राज्यस्तरीय अंडर-14 हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहीद कमलकांत स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के तीन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सिरमौर जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तहत आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के बल पर इन खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय अंडर-14 हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए सिरमौर की टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया है।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में अंश (पुत्र हेमराज, कोटड़ी), आर्यन (पुत्र हेमराज, निचली कोटड़ी) तथा शिवांश (पुत्र सोमनाथ, उपली कोटड़ी) शामिल हैं। इन तीनों खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय मैचों में अपनी खेल तकनीक और समर्पण से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर जिला टीम में जगह बनाई।

मंडी में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाड़ियों के लिए मॉडल स्कूल, नाहन में 5 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक विशेष प्रशिक्षण एवं कोचिंग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में खिलाड़ी हैंडबॉल खेल की आधुनिक तकनीकों, रणनीतियों और खेल की बारीकियों का गहन अभ्यास कर रहे हैं। इस कोचिंग कैंप के समाप्त होने के बाद यह टीम मंडी के लिए रवाना होगी, जहाँ 9 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल), मंडी में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में तीनों खिलाड़ी सिरमौर का प्रतिनिधित्व करते हुए अपना दमखम दिखाएंगे।

खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, समस्त विद्यालय स्टाफ, तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के प्रधान मान सिंह सहित समिति सदस्यों सुमन, राजकुमार, मुल्क राज, हेमराज, मेहर सिंह, मलका देवी, सुरेंद्र कुमार एवं पवन कुमार ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और कोच को हार्दिक बधाई दी है। इसके साथ ही युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास के प्रतिनिधियों, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, बीडीसी सदस्य राजेश चौधरी तथा क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय स्पर्धा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

विद्यालय के कोच धर्मेंद्र चौधरी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर इन नन्हे खिलाड़ियों का राज्यस्तर तक पहुंचना पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि ये तीनों खिलाड़ी मंडी में भी अपने शानदार खेल का प्रदर्शन कर जिला सिरमौर और कोटड़ी व्यास का नाम रोशन करेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।