नाहन : माजरा पुलिस थाना के अंतर्गत आरक्षित वन क्षेत्र बांसवाली C-12 में अवैध रूप से खैर के पेड़ों की कटाई और तस्करी का मामला सामने आया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी माजरा रेंज सचिन शर्मा की शिकायत पर माजरा पुलिस ने अज्ञात व नामजद तस्करों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेटे कल तड़के करीब 03:30 बजे वन विभाग की टीम बांसवाली C-12 आरक्षित वन क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को जंगल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति तीन मोटरसाइकिलों पर अवैध रूप से खैर की लकड़ी काटते और उसे ढोने की तैयारी करते नजर आए। वन विभाग की टीम को देखकर तस्करों में हड़कंप मच गया।

वन विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से अवैध खैर की लकड़ी और एक मोटरसाइकिल (नं. HP-17F-3916) को अपने कब्जे में ले लिया। मौके की पड़ताल करने पर पाया गया कि तस्करों ने खैर के 03 हरे-भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाकर उन्हें अवैध रूप से काटा था। इसी बीच, मौका पाकर एक पिकअप चालक (जिसकी पहचान नसीम, निवासी मिस्सरवाला के रूप में हुई है) अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।
वन विभाग के शुरुआती आकलन के अनुसार, अवैध रूप से काटे गए खैर के पेड़ों और बरामद लकड़ी का बाजारी मूल्य लगभग ₹2,91,684 (दो लाख इक्यानवे हजार छह सौ चौरासी रुपये) आंका गया है।
वन अधिकारी सचिन शर्मा की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना माजरा में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) , 221 , 3(5) तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 26(1)(F) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। माजरा पुलिस फरार आरोपी की तलाश और मामले की आगामी तफ्तीश में जुटी हुई है।