नाहन : सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आती ग्राम पंचायत शिवपुर के हरिपुर टोहाना में बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक डम्पर की टक्कर से बाइक सवार 26 वर्षीय युवक का असामयिक निधन हो गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात हरिपुर टोहाना क्षेत्र में एक डम्पर ने बाइक (नंबर HP 17 E 6852) को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक सुरेश कुमार, पुत्र जोगिन्दर, निवासी काशीपुर (उम्र 26 वर्ष) का निधन हो गया। टक्कर के बाद डम्पर चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब अस्पताल भेज दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार डम्पर और ट्रकों के कारण आए दिन हादसे पेश आते रहते हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इन तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नकेल कसने की मांग की है।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार डम्पर चालक की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के सही कारणों और गाड़ियों की स्थिति का सटीक पता लगाने के लिए पुलिस घटना स्थल के आसपास लगी CCTV फुटेज को भी खंगाल रही है।