सिरमौर में फर्जी कृषक सर्टिफिकेट से खरीदी कृषि भूमि, चंडीगढ़ की महिला पर FIR दर्ज

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पच्छाद के तहत धोखाधड़ी और जाली दस्तावेजों के सहारे अवैध रूप से कृषि भूमि खरीदने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीण की शिकायत पर चंडीगढ़ निवासी एक महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और भू-राजस्व कानूनों के उल्लंघन के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पच्छाद तहसील के गांव सराहां निवासी इन्द्र दत्त (पुत्र स्व. श्री हुकम दत्त) ने पुलिस थाना पच्छाद में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चंडीगढ़ (सेक्टर 49-D) की रहने वाली रणबीर सूद (पत्नी पुनीत सूद), जो वर्तमान में पच्छाद की पोहघाट (बागपशोग) में रह रही हैं, ने फर्जी तरीके से कृषक प्रमाण-पत्र हासिल किया। आरोप है कि महिला ने इस फर्जी प्रमाण-पत्र का दुरुपयोग करते हुए अवैध रूप से कृषि भूमि अपने नाम पंजीकृत करवा ली।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी महिला ने न केवल जाली दस्तावेज तैयार कर हिमाचल प्रदेश टेनेंसी एंड लैंड रिफॉर्म्स एक्ट (धारा 118) और भूमि संबंधी कानूनों को ठेंगा दिखाया, बल्कि अवैध जमीन खरीद का विरोध करने पर स्थानीय निवासियों और शिकायतकर्ता को डराने-धमकाने का काम भी किया। महिला द्वारा दिए जा रहे मानसिक दबाव और धमकियों के चलते क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ था।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पच्छाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। राजस्व विभाग के रिकॉर्ड और प्रस्तुत किए गए प्रमाण-पत्रों की सत्यता की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि यह जाली कृषक प्रमाण-पत्र कहाँ से और किन अधिकारियों/कर्मियों की सांठगांठ से तैयार करवाया गया था। पुलिस का दावा है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से अमल में लाई जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।