नाहन : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत माजरा पुलिस थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। यहाँ एक इलेक्ट्रिकल ठेकेदार की घोर लापरवाही के कारण करंट लगने से 45 वर्षीय श्रमिक बारूराम की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे धौलाकुँआ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित ठेकेदार नासीर रावत (निवासी मिश्रवाला) द्वारा नई बिजली लाइन बिछाने का काम करवाया जा रहा था। ठेकेदार ने बारूराम को जिस पोल पर चढ़ाया, उसके ठीक ऊपर से 33 KV (किलोवोल्ट) की हाई-टेंशन लाइन गुजर रही थी। ठेकेदार ने काम शुरू करवाने से पहले बिजली विभाग से न तो किसी प्रकार की कोई अनुमति ली थी और न ही उस चालू लाइन का ‘शटडाउन’ (बिजली आपूर्ति बंद करने की अनुमति) लिया था। बिना सुरक्षा मानकों और बिना शटडाउन के मजदूर को इतने खतरनाक पोल पर चढ़ाना सीधे तौर पर उसकी जान से खिलवाड़ था, जिसके कारण करंट लगते ही वह पोल से नीचे आ गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक बारूराम पिछले कई वर्षों से बिजली विभाग के इस ठेकेदार के अधीन दिहाड़ी-मजदूरी कर रहा था। उसके परिवार का पूरा गुजारा उसकी इसी मेहनत की कमाई पर निर्भर था। इस असमय मौत ने परिवार के सामने भावनात्मक और आर्थिक दोनों तरह का गहरा संकट खड़ा कर दिया है। मृतक अपने पीछे रोती-बिलखती पत्नी और चार बेटियों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने हादसे के लिए सीधे तौर पर ठेकेदार की गंभीर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता (मुआवजा) देने की मांग की है। इस मांग को लेकर पीड़ित परिवार के सदस्य एसडीएम पांवटा द्विज गोयल से भी मिले। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और मामले में उचित व त्वरित कार्रवाई का पूरा आश्वासन दिया।
मृतक के चाचा मोहन लाल (निवासी गांव बेलवाली, धौलाकुँआ) की शिकायत पर पुलिस थाना माजरा में लापरवाही और नियमों की अवहेलना करने के तहत ठेकेदार के विरुद्ध अभियोग (FIR) पंजीकृत कर लिया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस इस दर्दनाक हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।