सोलन के भोज आंजी स्कूल में वार्षिक समारोह: विक्रम बत्रा हाउस बना ओवरऑल चैंपियन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: सोलन के सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोज आंजी में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सोलन के जाने-माने समाजसेवी और नमस्तय होटल के प्रबंध निदेशक चेतन शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर अतिथियों व अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यातिथि के स्वागत से हुई, जहां विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक शर्मा ने चेतन शर्मा को सम्मानित किया। इसके बाद प्रधानाचार्य ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए साल भर की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों का ब्योरा रखा। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बराबर महत्व दिया जाता है।

विक्रम बत्रा हाउस बना चैंपियन, बोर्ड परीक्षा के टॉपर सम्मानित

समारोह के दौरान वर्ष भर की गतिविधियों के आधार पर हाउस चैंपियनशिप के नतीजे घोषित किए गए। इसमें विक्रम बत्रा हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। वहीं, कल्पना चावला हाउस दूसरे और रामानुजन हाउस तीसरे स्थान पर रहा।

इस अवसर पर मुख्यातिथि चेतन शर्मा ने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मैट्रिक की परीक्षा में स्नेहा ने पहला, आरुषि ने दूसरा और राजबीर ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी तरह जमा दो (12वीं) की परीक्षा में चंचल ने प्रथम, नीरज थापा ने द्वितीय और चांदनी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, अनुशासन व संस्कार पर जोर

समारोह का मुख्य आकर्षण स्कूली बच्चों की ओर से पेश किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। विद्यार्थियों ने गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति की सुंदर झलक पेश की, जिस पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

मुख्यातिथि चेतन शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वार्षिक समारोह बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का बेहतरीन मंच है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ बेहतर संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध करवाना भी बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार जताया गया। इस अवसर पर पदम शर्मा, नरेश ठाकुर, सपरून चौकी से ओमपाल, एमएससी प्रधान कल्पना राय सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed