सोलन कॉलेज का 67वां स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न, पुराने छात्रों ने साझा कीं सुनहरी यादें

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में संस्थान का 67वां स्थापना दिवस बड़े धूमधाम, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन द्वारा किया गया, जिसमें महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के शुभारंभ पर ओएसए की सचिव डॉ. स्नेहलता मेहता ने मुख्य अतिथि, पूर्व छात्रों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का औपचारिक स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने सभी को स्थापना दिवस की बधाई दी और गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्वयं भी इसी प्रतिष्ठित महाविद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय सोलन का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है, जिसने हजारों विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा और नैतिक संस्कार प्रदान किए हैं। यहाँ से पढ़कर निकले पूर्व विद्यार्थी आज देश-विदेश में उच्च पदों पर आसीन होकर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।

इस अवसर पर ओएसए के अध्यक्ष राजीव चोपड़ा, महासचिव मनमोहन सिंह, पूर्व मंत्री महेंद्र नाथ सोफत तथा कुल राकेश पंत सहित कई वरिष्ठ पूर्व छात्रों ने मंच से अपने कॉलेज जीवन के संस्मरण और पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने कॉलेज के साथ अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव को व्यक्त करते हुए युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन किया।

समारोह के दौरान महाविद्यालय के वर्तमान छात्र-छात्राओं और पूर्व विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक गीतों और रंगारंग नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन ने पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर कॉलेज की समृद्ध विरासत और पुरानी यादों को पुनः जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में कॉलेज का समस्त शिक्षक व गैर-शिक्षक वर्ग तथा भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Photo of author

संजीव अवस्थी

समाचार रिपोर्टिंग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में व्यापक योगदान दिया है। पिछले कई वर्षों से, विभिन्न ऑनलाइन समाचार प्लेटफार्मों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य के साथ तालमेल बिठाते रहे हैं।