सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के बी.वॉक (B.Voc) रिटेल मैनेजमेंट के पांच विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित अमेरिकी फैशन ब्रांड कंपनियों टॉमी हिलफिगर (Tommy Hilfiger) और कैल्विन क्लाइन (Calvin Klein) में रोजगार के लिए हुआ है। इन सभी विद्यार्थियों का चयन एक कड़ी प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन साक्षात्कार (इंटरव्यू) के माध्यम से किया गया है।

चयनित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों में अंजलि, दिया, भूमिका, पायल और नमन शामिल हैं। इन सभी युवाओं को प्रारंभिक वेतन के रूप में 35,000 रुपये प्रतिमाह प्रदान किया जाएगा, तथा उन्हें देश के विभिन्न राज्यों में स्थित स्टोर्स व कार्यालयों में नियुक्ति दी जा सकती है। ये सभी विद्यार्थी अपना बी.वॉक पाठ्यक्रम सफलतापूर्व पूरा करने के बाद आगामी मई 2027 से अपनी पेशेवर सेवाएं शुरू करेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
बी.वॉक के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों का चयन पूरी तरह से ऑनलाइन इंटरव्यू के आधार पर हुआ है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में ये बी.वॉक पाठ्यक्रम हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग तथा प्रतिष्ठित प्रशिक्षण सेवा प्रदाता मेधावी फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से बेहद सफलता के साथ संचालित किए जा रहे हैं। इन व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक, कौशल-आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे पढ़ाई के साथ ही आत्मनिर्भर बन सकें।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर कॉलेज के शिक्षक वर्ग खुशबू चौहान, निशांत धीमान, डिंपी चौहान, कविता कंवर, राकेश खाची और सौरभ नारियल सहित समस्त प्राध्यापक वर्ग ने उन्हें भविष्य के लिए ढेरों बधाइयां दी हैं और इसे महाविद्यालय के लिए एक मील का पत्थर बताया है।