सोलन जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न, ताश्वी गुप्ता ने जीते 5 खिताब

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला बैडमिंटन संघ सोलन के तत्वावधान में आयोजित सोलन जिला जूनियर एवं सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर से आए करीब 100 जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

ताश्वी गुप्ता बनीं प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

प्रतियोगिता में ताश्वी गुप्ता सबसे बड़ी स्टार बनकर उभरीं। उन्होंने असाधारण प्रदर्शन करते हुए कुल पांच खिताब अपने नाम किए। ताश्वी ने अंडर-19 गर्ल्स सिंगल्स, अंडर-19 गर्ल्स डबल्स, अंडर-19 मिक्स्ड डबल्स, महिला एकल (वूमेन्स सिंगल्स) और सीनियर मिश्रित युगल में स्वर्णिम सफलता हासिल कर प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया।

वहीं पुरुष वर्ग में अक्षिव दत्ता ने अपना दबदबा बनाते हुए तीन खिताब जीते। उन्होंने पुरुष एकल, पुरुष युगल और सीनियर मिश्रित युगल वर्ग में जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में सोलन का करेंगे प्रतिनिधित्व

जिला बैडमिंटन संघ के सचिव योगेश चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ी आगामी ‘हिमाचल प्रदेश राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026’ में सोलन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश कश्यप ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने घोषणा की कि सोलन बैडमिंटन हॉल का विस्तार किया जाएगा और वहां खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं देने के लिए दो नए अत्याधुनिक बैडमिंटन कोर्ट विकसित किए जाएंगे।

प्रमुख फाइनल मुकाबलों के परिणाम

पुरुष एकल: अक्षिव दत्ता ने मृणांक शर्मा को 15-8, 15-7 से हराया।

पुरुष युगल: अक्षिव दत्ता एवं तनवीर ने प्रवेश भारद्वाज एवं तुषार पुरी को 15-11, 15-8 से हराया।

महिला एकल: ताश्वी गुप्ता ने संगीता को 15-11, 15-13 से मात दी।

महिला युगल: संगीता एवं शांति ने आलाइका एवं ताश्वी गुप्ता को 15-10, 15-13 से हराया।

सीनियर मिश्रित युगल: अक्षिव दत्ता एवं ताश्वी गुप्ता ने तनवीर एवं संगीता को 15-13, 16-18, 15-11 से पराजित किया।

अंडर-19 बालक एकल: वरुण राघुवंशी ने जतिन को 15-12, 15-8 से हराया।

अंडर-19 बालक युगल: वरुण राघुवंशी एवं प्रणव शर्मा ने सात्विक एवं वारिस को 9-15, 15-11, 15-4 से हराया।

अंडर-19 बालिका एकल: ताश्वी गुप्ता ने आलाइका को 15-8, 15-5 से शिकस्त दी।

अंडर-19 बालिका युगल: ताश्वी गुप्ता एवं जिग्यासा ने मानसी एवं यशमिना को 15-8, 15-7 से हराया।

अंडर-19 मिश्रित युगल: ताश्वी गुप्ता एवं तेजस सिंह ने वरुण राघुवंशी एवं नव्या शर्मा को 18-20, 15-9, 15-9 से हराकर खिताब जीता।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।