सोलन: पुलिस थाना सदर सोलन की पी.ओ. सैल टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने 5 साल पुराने चिट्टा/हेरोइन तस्करी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक भगोड़े आरोपी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोलन पुलिस की पी.ओ. सैल टीम ने गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए भगोड़े आरोपी शुभम ठाकुर उम्र 26 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय श्री हरिंदर सिंह, निवासी वार्ड नंबर 7 नज़दीक हरि मंदिर, धोबी घाट, सोलन को जीरकपुर पंजाब से गिरफ्तार किया।

अदालत के आदेशों की अवहेलना कर फरार रहने पर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 167/2026, धारा 209 BNS के तहत नया मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 7 सितंबर 2021 को सोलन सदर पुलिस टीम ने शुभम ठाकुर को उसके एक अन्य साथी के साथ 8.51 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उस दौरान आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 21 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने चार्जशीट अदालत में पेश कर दी थी। मामला विचाराधीन होने के दौरान आरोपी को अदालत से जमानत मिल गई थी।
मामले के ट्रायल के दौरान माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी शुभम को बार-बार पेश होने के आदेश जारी किए जा रहे थे, लेकिन वह लगातार अदालत से अनुपस्थित रहा। आरोपी के गैर-हाजिर रहने पर माननीय न्यायालय ने 6 नवंबर 2025 को उसे आधिकारिक रूप से भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।
अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। सोलन पुलिस की टीम काफी समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तार किए गए आरोपी शुभम ठाकुर को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। सोलन पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की गहनता से पड़ताल कर रही है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।