सोलन में जिला स्तरीय ग्रामीण स्वाद महोत्सव आयोजित

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के अवसर पर सोलन में जिला स्तरीय ‘ग्रामीण स्वाद महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस महोत्सव में जिले के पांच क्लस्टरों के अंतर्गत आने वाले लगभग 30 स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिला सदस्यों ने भाग लिया और अपने पारंपरिक व पौष्टिक व्यंजनों तथा स्थानीय उत्पादों का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक और स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करना, आमजन को संतुलित आहार के प्रति जागरूक बनाना तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने बल देकर कहा कि यह आयोजन केवल स्वाद का उत्सव नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता और कला को सीधे बाजार से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं, जिससे उनकी आर्थिकी को मजबूती मिलती है। इस अवसर पर उपायुक्त ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया।

समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल ने सभी नागरिकों से आज के दौर में स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने और दैनिक जीवन में अधिक से अधिक पौष्टिक आहार का सेवन करने का आग्रह किया। उन्होंने सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (दीदियों) से आह्वान किया कि वे आम जनता को पोषणयुक्त खान-पान के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। महोत्सव के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में सोलन क्लस्टर के ‘नया सेवरा’ स्वयं सहायता समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पट्टा क्लस्टर के ‘संकल्प’ समूह ने द्वितीय और पट्टा क्लस्टर के ही ‘संस्कार’ स्वयं सहायता समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इससे पूर्व जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा ने ग्रामीण स्वाद महोत्सव की रूपरेखा और इसके सामाजिक-आर्थिक महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा लीड बैंक यूको बैंक के प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने विषयों पर उपयोगी जानकारियां साझा की गईं। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, स्वास्थ्य विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अक्षिता, लीड बैंक यूको बैंक की प्रबंधक तमन्ना मोदगिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।