हत्या के विरोध में लगाया सिरसा-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम

Photo of author

By Hills Post

फतेहाबाद: जिले के गांव सनियाना में बीती रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने का मामला आज सुबह तूल पकड़ गया। मृतक के परिजनों व साथियों ने आज सुबह भूना के पास सिरसा-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब पांच घंटे बाद अधिकारियों ने मौके पर जाकर जाम खुलवाया। जानकारी के अनुसार शनिवार रात गांव सनियाना निवासी अनिल उर्फ लेखु जो श्री बालाजी सेवा संगठन अध्यक्ष भी थे, को उस समय गोली मार दी गई थी जब वे जागरण में ज्योत लेकर जा रहे थे। अनिल की हिसार ले जाते समय मौत हो गई थी। पुलिस ने अनिल को गोली मारने के आरोप में दो भाई जगदीश व धर्मपाल पर हत्या का मामला दर्ज किया है। उसी घटना के विरोध में आज सुबह करीब आठ बजे सनियाना गांव के ग्रामीण हाइवे पर एकत्रित हो गए तथा अवरोधक डाल कर जाम लगा दिया। कुछ ग्रामीण आरोपियों की ढाणी में पहुंच गए और वहां आरोपियों के माता-पिता की जो प्रतिमाएं लगी हुई थी उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं सनियाना के पास ही घग्घर नदी के पास आरोपियों का होटल है उसमें भी तोडफ़ोड़ की तथा आग लगा दी। ग्रामीणों ने आरोपियों के तीन ट्यूवबेल भी ध्वस्त कर दिए। गुस्साएं लोगों को शांत करने के लिए आज सुबह एसपी जगवंत लांबा, एडीसी अशोक मीणा, एसडीएम अश्विनी मेंगी, डीएसपी रमेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर गए तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। एसपी ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है तथा उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। एसपी के आश्वासन के बाद करीब 5 घंटे बाद जाम खोल दिया। जाम के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों की कतारें लग गई और गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल हो गया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed