शिमला: APG शिमला विश्वविद्यालय में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए आयोजित विशेष शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत नव-प्रवेशित छात्रों में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है। देश और प्रदेश के विभिन्न कोनों से आए युवा विद्यार्थियों को शिमला और सोलन के समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक तथा प्राकृतिक वैभव से रूबरू कराने के उद्देश्य से इस विशेष यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में बुधवार को विद्यार्थियों के ‘ग्रुप-ए’ ने संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में सोलन स्थित प्रसिद्ध मोहन हेरिटेज पार्क का शैक्षणिक दौरा किया। हेरिटेज पार्क की अलौकिक वास्तुकला, सुरम्य पहाड़ियों के सुंदर दृश्य और सांस्कृतिक धरोहर को देखकर नव-प्रवेशित छात्र मंत्रमुग्ध हो गए। भ्रमण के दौरान अध्यापकों ने विद्यार्थियों को इस क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व और धरोहरों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
इसी शैक्षणिक भ्रमण श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को नवागंतुक विद्यार्थियों का ग्रुप-बी अपने अगले शैक्षणिक दौरे के लिए सोलन और शिमला के आसपास के ऐतिहासिक व दर्शनीय स्थलों की ओर रवाना हुआ।
भारत के विभिन्न राज्यों से शिमला विश्वविद्यालय पहुँचे नए छात्रों ने एक साथ मिलकर हिमाचल की समृद्ध धरोहर को करीब से जाना। सफर के दौरान फैकल्टी सदस्यों ने विद्यार्थियों को यहाँ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संदर्भों से विस्तार से अवगत कराया।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक दौरों से न केवल विद्यार्थियों को अपने नए अध्ययन क्षेत्र की संस्कृति और परिवेश को गहराई से समझने का अवसर मिलता है, बल्कि विभिन्न राज्यों से आए छात्रों के बीच आपसी संवाद, सौहार्द और टीम भावना भी सुदृढ़ होती है।
चारदीवारी और कक्षाओं के माहौल से बाहर निकलकर प्रकृति और इतिहास की गोद में सीखने की एपीजी शिमला विश्वविद्यालय की यह पहल नए विद्यार्थियों के लिए बेहद यादगार और प्रेरणादायी साबित हो रही है।