APG शिमला विश्वविद्यालय में ओरिएंटेशन कार्यक्रम शुरू, पहले दिन पंजीकरण व कैंपस टूर

Photo of author

By Hills Post

शिमला: APG शिमला विश्वविद्यालय में सोमवार से शैक्षणिक सत्र 2026–27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण माहौल में आगाज हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों नए छात्र-छात्राओं ने परिसर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विश्वविद्यालय प्रशासन, फैकल्टी और वरिष्ठ कर्मचारियों ने नए विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और प्रवेश से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को पूरा करवाने में उनका मार्गदर्शन किया।

ओरिएंटेशन की शुरुआत सुबह 10 बजे Admission Block में पंजीकरण के साथ हुई। इस दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया। पहचान पत्र बनाने हेतु विवरण दर्ज किए गए और सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने पर छात्रों को इंडक्शन किट वितरित की गई।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किए गए थे, जहाँ विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, टाइम-टेबल, कक्षाओं के स्थान, हॉस्टल आवंटन और कैंपस सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही दूर-दराज से आए छात्रों को नए वातावरण में सहज बनाने के लिए दैनिक उपयोग की वस्तुओं व मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विशेष स्टॉल भी लगाए गए थे।

दस्तावेज सत्यापन के बाद विद्यार्थियों को छोटे-छोटे समूहों में बांटकर गाइडेड कैंपस टूर कराया गया। प्रोफेसर्स ने छात्रों को उनकी कक्षाओं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, विशाल पुस्तकालय, ऑडिटोरियम, प्रशासनिक भवनों, खेल परिसरों और छात्रावासों का अवलोकन कराया। इस दौरान छात्रों को कॉलेज की शैक्षणिक प्रणाली, क्रेडिट ट्रांसफर, अनुशासन, खेलकूद, सांस्कृतिक सोसायटियों और विभिन्न क्लबों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

दिनभर की औपचारिक गतिविधियों के बाद शाम को नवागंतुक छात्रों के लिए एक विशेष डीजे सत्र आयोजित किया गया। संगीत की धुनों पर छात्रों ने जमकर डांस किया, एक-दूसरे से औपचारिक परिचय बढ़ाया और कॉलेज के नए माहौल में पूरी तरह ढलते नजर आए।

नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शिमला यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. आर.एल. शर्मा ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि हमारे विश्वविद्यालय में हिमाचल के साथ-साथ देश के कोने-कोने से छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त करने आए हैं। नए शहर और वातावरण में शुरुआत में छात्रों को झिझक या चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को एक सहज, सुरक्षित, अनुशासित और सहयोगात्मक माहौल प्रदान किया जाए।

उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाओं, प्रैक्टिकल लैब्स, स्पोर्ट्स और लाइब्रेरी के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने सभी छात्रों से कड़ी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत करने का आह्वान किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।