नाहन: AVN सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नशामुक्ति अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एकजुट होकर नशामुक्त भारत और समृद्ध प्रदेश के निर्माण का संकल्प लिया तथा नशामुक्ति की शपथ ग्रहण की।
केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशामुक्त देश-प्रदेश अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा विद्यालय परिवार शामिल हुआ। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय के संस्थापक प्रधानाचार्य के. के. चंदोला ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है, जो हमारी युवा पीढ़ी की ऊर्जा और भविष्य को खोखला कर रहा है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस सामाजिक बुराई के पूरी तरह उन्मूलन के लिए अभियान को प्रशासनिक स्तर तक सीमित न रखकर एक सशक्त जनांदोलन बनाना अति आवश्यक है।

प्रधानाचार्य चंदोला ने आह्वान किया कि नशामुक्ति के इस पावन कार्य में समाज के हर नागरिक को अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं को नशे से दूर रखें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें, ताकि सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को गति मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी अध्यापकों और विद्यार्थियों ने शपथ पत्र दोहराते हुए नशा उन्मूलन में अपना पूर्ण योगदान देने और सरकारों के प्रयासों को शत-प्रतिशत समर्थन देने का प्रण लिया।