सोलन: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी लगातार तीन बार जीत दर्ज कर इस बार जीत का चौका लगाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की परंपरागत कही जाने वाली शिमला संसदीय सीट भाजपा के लिए आसान, जबकि कांग्रेस के लिए कठिन होगी। ठाकुर बुधवार को यहां भारतीय जनता पार्टी शिमला संसदीय क्षेत्र चुनाव प्रबंधन समिति की बैठकके बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश में काबिज कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर ताबड़तोड़ हमले बोले। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने लैंड यूज चैंज करने के लिए एक इंडस्ट्री में मोटी रकम मांगी है। आने वाले दिनों में वह इसका भी बड़ा खुलासा करेंगे। इसके लिए वह कागजात जुटा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पर प्रहार करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि बड़ा बहुमत संभालना उनके बस की बात नहीं है। नई सरकार बनने के बाद आदर्श की बड़ी-बड़ी बातें उनके द्वारा की गई। पिछले राज्यसभा चुनाव के दौरान जो घटनाक्रम बना उसके बाद सीएम को नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दे देना चाहिए था। इसके बाद मुख्यमंत्री अपना संतुलन ही खो बैठे और भाजपा के सिर पर ही  इसका ठीकरा फोड़ रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि वह विपक्ष में बैठे हैं और वह उनकी आरती उतरने या पूजा के लिए नहीं है। झूठी गारंटियों के कारण कांग्रेस की साख गिरी है। ठाकुर ने दावा कि 6 विस उपचुनाव और तीन आजाद विधायकों के इस्तीफे भी यदि मंजूर हो जाते हैं तो 9 उपचुनाव होंगे और 4 जून को हिमाचल व दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी।

कांग्रेस ने देश को विभाजित करने का पाप किया था : बिंदल

 इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने  कहा कि जो घोषणापत्र कांग्रेस पार्टी ने जारी किया है वह कांग्रेस के खोखलेपन को स्पष्ट रूप से दिखाता है। घोषणापत्र के अंदर एक ही बात कही है मोदी हटाओ यानी कांग्रेस का लक्ष्य है मोदी हटाओ और मोदी का लक्ष्य देश का विकास करो। कांंग्रेस पार्टी टूटती चली गई, बिखरती चली गई, परन्तु एक परिवार की चिंता इन्होंने की। 450 सांसदों को लेकर चलने वाली पार्टी 28 राज्यों में सत्ता हासिल करके चलाने वाली पार्टी आज 40 से नीचे आ गई है और यह 4 जून को 30 के नीचे जाने वाली है। कांग्र्रेस सरकार का यह घोषणापत्र बहुत बड़ा धोखा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा कहती है कि हमने हिमाचल में गारंटियां पूरी कर दी और हम देश में ये गारंटियां लागू कर रहे हैं अर्थात देश की जनता को अंधेरे में रखकर धोखे में रखकर वोट लेने का एकमात्र प्रयास है। कांग्रेस पार्टी का घोषणापत्र पूरी तरह से तुष्टिकरण से भरा हुआ है। 50 प्रतिशत से ऊपर आरक्षण देंगे, जातिगत आधार के ऊपर आरक्षण को और बढ़ाएंगे, मुस्लिम अल्पसंख्यकों को आरक्षण देंगे।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि 65 साल देश मेंं राज़ करने वाली पार्टी आज देश को दोबारा से विभाजन के कगार पर खड़ी करती हुई  दिखाई देती है। जिस तरह से उन्होंने घोषणा पत्र के अंदर अपनी बातों को स्पष्ट किया है।उन्होंने कहा कि जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद प्रदान करेगी। चारों सीटें बीजेपी लोकसभा की जीतेगी और सुरेश कश्यप भारी बहुमत से शिमला से जीतेंगे।

 इस मौके पर सांसद व शिमला सीट से प्रत्याशी सुरेश कश्यप, शिमला संसदीय क्षेत्र प्रभारी सुखराम चौधरी, पूर्व मंत्री राजीव सहजल,  बलबीर वर्मा,   रश्मिधर सूद, बलदेव तोमर, प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाजऔर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहें। 

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version