नाहन: राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर नाहन, दोसड़का के मोड़ पर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल होने का समाचार है। दोनों युवकों को तत्काल मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद रुखड़ी निवासी जतिन (22 वर्ष) और साहिल (22 वर्ष) का बाल्मीकि नगर, नाहन के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस खूनी संघर्ष में जतिन और साहिल को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। डी.एस.पी. रमाकांत ठाकुर मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों गुटों के बीच विवाद के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस दोनों गुटों के युवकों से पूछताछ कर रही है और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
डी.एस.पी. ने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल, मेडिकल कॉलेज में दोनों घायल युवकों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।