बाबा बालकनाथ मंदिर में रोपवे परियोजना के साथ ही सुदृढ़ होगी अर्थव्यवस्था: मुख्यमंत्री

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला हमीरपुर के दियोटसिद्ध बाबा बालकनाथ मंदिर के बुनियादी ढांचे को स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर एक प्राचीन पवित्र स्थल के रूप में प्रसिद्ध है, इसके स्तरोन्नयन से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस क्षेत्र में भीड़-भाड़ को कम करने और श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मंदिर में रोपवे स्थापित करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा प्रदेश सरकार की इस परियोजना से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित होने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिकी भी सृदृढ़ होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 0.52 किलोमीटर क्षेत्र में स्थापित होने वाले इस रोपवे का 65 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जाएगा। यह रोपवे मंदिर को टैक्सी पार्किंग से जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर पहाड़ी के ऊपर स्थित है और वर्तमान में नवरात्रि और अन्य महत्वपूर्ण पावन अवसरों पर यहां पर भारी भीड़ उमड़ती है, जिसके कारण लाखों श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है। रोपवे के निर्माण से इस समस्या को कम करने और श्रद्धालुओं को सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बाबा बालकनाथ मंदिर हमीरपुर जिला का एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है जो उत्तर भारत के हजारों श्रद्धालुओं को अपनी और आकर्षित करता है। यह मंदिर न केवल आध्यात्मिक केन्द्र के रूप में प्रसिद्ध है, बल्कि प्रदेश की संस्कृति और प्राकृतिक सौन्दर्य का भी एक अनूठा उदाहरण है। यहां का शांत वातावरण धार्मिक उत्साह के साथ मिलकर इस मंदिर को पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों का पसंदीदा गंतव्य बनाता है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed