HRTC नाहन डिपो फिर सवालों में: कौलांवाला भूड़ रूट पर वादा 47 सीटर का, भेजी 32 सीटर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन डिपो की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नाहन-कौलांवाला भूड़ (वाया सुरला-चासी) मार्ग पर बीती शाम 5:15 बजे चलने वाली बस में निगम द्वारा सुरक्षा मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। 32 सीटों वाली इलेक्ट्रिक बस में क्षमता से तीन गुना अधिक यानी 90 से 100 सवारियों को भरकर भेजा जा रहा है, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई है।

ग्रामीणों एवं नियमित यात्रियों का कहना है कि पिछले दिनों हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान बस अड्डा प्रभारी ने आश्वासन दिया था कि शाम 5:15 बजे वाले व्यस्त रूट पर हमेशा 47 सीटर बड़ी बस ही भेजी जाएगी। इसके बावजूद निगम प्रशासन अपनी बात से मुकर कर फिर से छोटी ई-बस भेज रहा है।

शाम 5:30 बजे वाली बस सेवा बंद कर दिए जाने के कारण इस समय यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। बस में रत्ती भर जगह न होने के कारण दिल्ली गेट स्टॉप पर 25 से 30 यात्री बस में चढ़ ही नहीं सके। वहीं, बस खचाखच भरी होने की वजह से बनोग में रोकी ही नहीं गई, जिससे वहां भी 10 से 15 यात्री रास्ते में ही फंसे रह गए।

इस संदर्भ में जब क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) HRTC नाहन से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि “मामला संज्ञान में लाया गया है, इस विषय में पूरी जानकारी पता करके आगे उचित कार्रवाई की जाएगी और व्यवस्था सुधारी जाएगी।”

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहाड़ी रास्तों पर भीषण ओवरलोडिंग किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यदि इस रूट पर तुरंत 47 सीटर बस स्थाई रूप से नहीं चलाई गई और 5:30 बजे की बंद बस बहाल न हुई, तो क्षेत्रवासी फिर से सडकों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।