मोगीनंद स्कूल में नई विज्ञान लैब और भवन का उद्घाटन, विधायक ने नशा मुक्ति का दिया संदेश

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोगीनंद में नवीन विज्ञान प्रयोगशाला और चार कमरों के नए भवन का विधिवत उद्घाटन किया। यह उद्घाटन समारोह समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।

विद्यालय में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण 2.1 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, जिससे छात्रों को उन्नत वैज्ञानिक प्रयोगों और शोध के लिए एक उत्कृष्ट मंच मिलेगा। साथ ही, विद्यालय में 44 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार कमरों के नए भवन का भी उद्घाटन किया गया, जिससे विद्यालय में सुविधाओं का विस्तार होगा और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल प्राप्त होगा।

इस अवसर पर अजय सोलंकी ने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की शिक्षा के क्षेत्र में विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और स्कूलों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विधायक ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए संकल्पबद्ध है और भविष्य में भी इसी तरह के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विद्यालय परिवार, स्थानीय जनता एवं प्रशासन को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।

इस कार्यक्रम के दौरान विधायक अजय सोलंकी ने युवाओं और स्कूली छात्रों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ ज्ञान अर्जित करना ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और समाज के प्रति जिम्मेदारी को भी बढ़ावा देना है।

उन्होंने नशे के खात्मे के लिए चलाए जा रहे अभियान की चर्चा करते हुए युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी जागरूक करें। विधायक ने सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि इस दिशा में प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्थानीय प्रशासन, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed