पच्छाद में विवाहिता ने जहर खाकर दी जान, ससुराल पक्ष की भूमिका पर सवाल

नाहन : जिला सिरमौर के विधानसभा क्षेत्र पच्छाद के उपमंडल सराहां में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 25 वर्षीय मोनिका, पत्नी मदन सिंह निवासी ग्राम पंचायत धरोटी के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मोनिका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष और दामाद द्वारा लगातार तंग किए जाने पर उनकी बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। मोनिका की शादी को 6 साल हो चुके थे।

जहरीला पदार्थ खाने के बाद मोनिका को उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही मोनिका ने दम तोड़ दिया।

मृतका के परिजनों की शिकायत पर सराहां पुलिस ने मोनिका के पति मदन सिंह, सास और ननंद के खिलाफ मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसपी पच्छाद विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं, जिला एसपी निश्चित सिंह नेगी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आज मोनिका के पति, सास और ननंद को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed