पच्छाद के विनीत ठाकुर को राज्य पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार, CM सुक्खू ने किया सम्मानित

नाहन : चौपाल विकास खंड और पच्छाद के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवमयी उपलब्धि है, जब खंड विकास अधिकारी (BDO) विनीत ठाकुर को हिमाचल प्रदेश स्टेट एनवायरनमेंट लीडरशिप अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। विनीत ठाकुर, डिंगर किन्नर (तहसील पच्छाद) के निवासी हैं और वह 2019 बैच के HAS अधिकारी हैं।

यह पुरस्कार समारोह 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिमला स्थित ऐतिहासिक होटल पीटरहॉफ में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और ₹50,000 की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। यह चौपाल प्रशासन के इतिहास में पहला अवसर है जब किसी अधिकारी को मुख्यमंत्री से ऐसा प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

BDO विनीत ठाकुर ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके व्यक्तिगत कार्यों का नहीं, बल्कि पूरे कार्यालय स्टाफ, फील्ड टीम, पंचायत प्रतिनिधियों, एनआरएलएम की मातृशक्ति और चौपाल की जागरूक जनता के सहयोग का फल है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि, “पर्यावरण संरक्षण केवल विभागीय कार्य नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

इस उपलब्धि पर चौपाल क्षेत्र के निवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। यह सम्मान चौपाल को प्रदेश में एक नई पहचान दिलाने वाला और आने वाले समय में पर्यावरणीय पहल के लिए प्रेरणा स्रोत साबित होगा।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विनीत ठाकुर के गृह क्षेत्र पच्छाद में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं, उनके परिवार में भी इस सम्मान को लेकर अपार हर्ष और गर्व का माहौल है। परिजनों ने इसे विनीत की मेहनत, ईमानदारी और समाज के प्रति समर्पण का फल बताया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed