अब सोलन में मिलेगी प्रीमियम बैंकिंग सेवा SBI वैल्थ

Photo of author

By Hills Post

सोलन: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से  सोलन की मुख्य शाखा में अत्याधुनिक और प्रीमियम बैंकिंग सेवा एसबीआई वैल्थ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से एसबीआई के चेयरमैन सी.एस. सेठी ने किया। कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभात कुमार क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार छाबड़ा, मुख्य प्रबंधक सोनिया हांडा संबंध प्रबंधक वैल्थ कुलदीप तथा एसबीआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने एसबीआई वैल्थ सेवा की विशेषताओं और ग्राहकों को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी साझा की।

अधिकारियों ने बताया कि एसबीआई वैल्थ एक विशेष प्रीमियम बैंकिंग सेवा है, जिसे खासतौर पर हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल्स (एचएनआई) ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इस सेवा के माध्यम से ग्राहकों को व्यक्तिगत निवेश सलाह, संपत्ति प्रबंधन, वित्तीय योजना, बीमा, निवेश पोर्टफोलियो प्रबंधन तथा विशेष बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि आज के समय में बेहतर वित्तीय प्रबंधन और सुरक्षित निवेश हर व्यक्ति की प्राथमिकता बन चुका है। ऐसे में एसबीआई वैल्थ ग्राहकों को उनके वित्तीय लक्ष्यों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस सेवा के तहत अनुभवी वित्तीय विशेषज्ञ ग्राहकों को उनकी आय, निवेश क्षमता और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार उचित वित्तीय मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन सी.एस. सेठी ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि एसबीआई हमेशा अपने ग्राहकों को आधुनिक और भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि एसबीआई वैल्थ के माध्यम से ग्राहकों को विश्वस्तरीय वित्तीय सेवाएं और बेहतर निवेश विकल्प उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे वे अपने भविष्य को आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित बना सकें।

सोलन शाखा में एसबीआई वैल्थ के शुभारंभ से क्षेत्र के व्यवसायियों, उद्योगपतियों और उच्च आय वर्ग के ग्राहकों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बैंक अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सेवा ग्राहकों के बीच तेजी से लोकप्रिय होगी और उन्हें बेहतर वित्तीय प्रबंधन में सहायता प्रदान करेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।