अर्की में बहस के दौरान महिला को धक्का देकर 10 फीट नीचे गिराया, मौत

Photo of author

By Hills Post

सोलन: उपमंडल अर्की के तहत आने वाले गाँव कुइरू में आपसी विवाद और धक्का-मुक्की के दौरान एक महिला की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से उसका 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार गाँव कुइरू, अर्की निवासी शुभम ने इमरजेंसी सेवा डायल-112 के माध्यम से अर्की पुलिस को सूचना दी कि अनु नामक व्यक्ति ने उसके और उसकी माता के साथ मारपीट की है। शुभम अपनी माता को ग्रामीणों की सहायता से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल अर्की ले गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी माता को ब्रॉट डेड यानी मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुँची। मृत महिला की पहचान मीना देवी आयु 52 वर्ष, पत्नी श्री गोविन्द राम, निवासी गाँव कुइरू, डाकघर शहरोल, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई।

अन्वेषण के दौरान मृतका के बेटे शुभम पेशा- ड्राइवर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 27 जुलाई की शाम को जब वह सड़क से पैदल रास्ते से अपने घर लौट रहा था, तो रास्ते में गाँव का ही अनु पुत्र विजय सिंह बैठा हुआ था, जो उससे रंजिश रखता था। अनु ने शुभम को अकेला देखकर अचानक उसका गला पकड़ लिया। शुभम किसी तरह चंगुल से छूटकर भागा और अपनी माँ मीना देवी को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही शुभम की माँ मीना देवी और उसकी पत्नी मौके पर पहुँचीं। जब वे अनु से झगड़े का कारण पूछने लगे, तो अनु ने दोबारा शुभम का गला पकड़ा और जेब से शराब की बोतल निकालकर हमला करने की कोशिश की, जो बचाव के दौरान टूट गई।

जब शुभम की माँ और पत्नी उसे छुड़ाने लगीं, तो अनु ने मीना देवी को जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से वह पास स्थित मकान के आँगन में लगभग 10 फीट नीचे जा गिरीं, जिससे उनके सिर और नाक से गंभीर रक्तस्राव होने लगा। आरोपी ने शुभम की पत्नी को भी धक्का दिया जो सीढ़ियों पर गिर गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग एकत्रित हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल मीना देवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अर्की पुलिस ने तुरंत एफआईआर पंजीकृत कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी जुंगा की विशेषज्ञ टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने वैज्ञानिक व भौतिक साक्ष्य जुटाए।

तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी हरदीश कुमार उर्फ हनी उम्र 48 वर्ष, पुत्र श्री विजय सिंह, निवासी गाँव कुइरू, डाकघर शहरोल, तहसील अर्की को आज गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी हरदीश कुमार उर्फ हनी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से अदालत ने उसे 03 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है तथा उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।