सोलन: सनवारा स्थित कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (KIPS) में मंगलवार को अपना 20वां वार्षिक समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस भव्य कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा निदेशक, आईएएस अधिकारी आशीष कोहली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत और शानदार ग्राउंड आइटम्स के साथ हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने पी.टी., योग, जिम्नास्टिक्स और कराटे के जरिए अपनी आत्मरक्षा कला का बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दीप प्रज्ज्वलन और पारंपरिक स्वागत के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। स्कूल के बच्चों ने ऑर्केस्ट्रा और ‘नवदुर्गा नृत्य’ की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा ‘चार युगों की यात्रा’, ‘कलर्स ऑफ बंगाल’, अंग्रेजी स्किट, कव्वाली, भांगड़ा और पारंपरिक हिमाचली नाटी ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पेश की गई और पढ़ाई व अन्य गतिविधियों में अव्वल रहने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह
समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और खेलकूद को जो बढ़ावा दे रहा है, वह बेहद सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे हमेशा नशे से दूर रहें और अपने जीवन के लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित करें। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सीईओ डॉ. संजीव मैनरा, प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर, ट्रस्टी राजेंद्र ठाकुर, हंसराज ठाकुर और नितिन ठाकुर समेत पूरा स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।