कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सनवारा में देशभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

सोलन: कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। समारोह का विधिवत शुभारंभ ध्वजारोहण, गार्ड ऑफ ऑनर एवं भव्य परेड के साथ किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूह गान, हिंदी नाटक और पारंपरिक हिमाचली नाटी की शानदार प्रस्तुतियां दीं। समारोह के अंत में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए ऊर्जावान भांगड़ा ने उपस्थित दर्शकों में नया जोश भर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, प्रबंधन समिति सदस्य सी.के. शर्मा, वीरेंद्र सहगल और डॉ. राजेंद्र कुमार सिंगला उपस्थित रहे। इसके साथ ही चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के सहायक निदेशक अभिषेक तथा डॉ. मान सिंह विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम के साक्षी बने।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन स्वतंत्रता के जज्बे और समृद्ध भारतीय संस्कृति का अनुपम संगम है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन से बच्चों में देशभक्ति की भावना सुदृढ़ होती है और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

Photo of author

संजीव अवस्थी

समाचार रिपोर्टिंग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में व्यापक योगदान दिया है। पिछले कई वर्षों से, विभिन्न ऑनलाइन समाचार प्लेटफार्मों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य के साथ तालमेल बिठाते रहे हैं।