शिमला: हिमाचल प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के चैतड़ू में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया केंद्र का उद्घाटन किया। गग्गल हवाई अड्डे के समीप 18.29 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक केंद्र से 15 से 20 उभरते उद्यमियों को सीधा सहयोग मिलने की उम्मीद है। साथ ही, अगले पांच वर्षों में इसके जरिए 350 से 400 लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है नया केंद्र
इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में आईटी इकोसिस्टम को मजबूत करना, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना और स्टार्टअप्स को अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाना है। केंद्र में 106 प्लग-एंड-प्ले सीटें, प्रबंधकों के लिए चार केबिन और 5,031 वर्ग फुट का रॉ इन्क्यूबेशन स्पेस तैयार किया गया है। इसके अलावा यहां 40 सीटों वाला ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस एवं मीटिंग रूम, नेटवर्क ऑपरेशंस सेंटर (एनओसी), रिसेप्शन एरिया और अतिथि कक्ष जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
हिमाचल में ही करियर बना सकेंगे युवा
उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को आईटी और निवेश के क्षेत्र में एक उभरते हुए गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में एसटीपीआई केंद्र की स्थापना से स्थानीय उद्यमियों और आईटी पेशेवरों को आधुनिक बुनियादी ढांचा और प्रदेश में ही बेहतर अवसर मिलेंगे। सुक्खू ने जोर देकर कहा कि सरकार तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में काम कर रही है। इस तरह की पहल से रोजगार की तलाश में युवाओं का प्रदेश से पलायन रोकने में मदद मिलेगी और वे अपने गृह राज्य में रहकर ही बेहतर करियर बना सकेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र क्षेत्र में आईटी गतिविधियों, नवाचार और उद्यमिता के एक प्रमुख हब के रूप में उभरेगा।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं सुशासन) गोकुल बुटेल, हिमाचल प्रदेश राज्य वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर और कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी मौजूद रहे। इनके अलावा स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, निदेशक डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस अभिषेक वर्मा, उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा और पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।