क्रीड़ा भारती कसौली मंडल का विधिवत गठन, ओम आर्य बने सर्वसम्मति से अध्यक्ष

Photo of author

By Hills Post

सोलन: क्रीड़ा भारती द्वारा धर्मपुर में आयोजित एक विशेष संगठनात्मक व परिचय बैठक के दौरान कसौली मंडल की कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया। इस बैठक में प्रांत एवं जिला स्तर के शीर्ष पदाधिकारियों की मौजूदगी में पिछले छह वर्षों से कसौली क्षेत्र में निरंतर सामाजिक व रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय समाजसेवी ओम आर्य को सर्वसम्मति से क्रीड़ा भारती कसौली मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

अध्यक्ष पद का दायित्व मिलने पर ओम आर्य ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो भरोसा उन पर जताया है, वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उसका निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्येय मंडल को संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाना, खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और ग्रामीण स्तर तक खेल संस्कृति का विस्तार करना रहेगा। उन्होंने रेखांकित किया कि क्रीड़ा भारती केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र सेवा का भाव जगाने का सशक्त माध्यम है।

बैठक में प्रांत प्रचार प्रमुख अक्षय तथा प्रांत कोषाध्यक्ष गौरव शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला स्तर से जिला अध्यक्ष देशराज ठाकुर, जिला महामंत्री मनोज चौहान और जिला सह मंत्री इंदर सिंह ने सहभागिता की। इसके अलावा सोलन मंडल से अध्यक्ष अनिल कौंडल व मंत्री हेमंत शांडिल ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कसौली क्षेत्र के गांव-गांव में युवाओं को खेलों से जोड़ने और सामाजिक सरोकारों को सुदृढ़ करने का सामूहिक संकल्प लिया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed