झाड़माजरी बस स्टैंड के दुकानदारों पर आफत, थोड़ी सी बारिश में डूबने लगीं दुकानें

Photo of author

By Hills Post

सोलन: किसानों और आम लोगों के लिए जहां बारिश की फुहारें खुशियां लेकर आती हैं, वहीं बद्दी मार्ग पर स्थित झाड़माजरी बस स्टैंड के दुकानदारों के लिए यह किसी बड़ी आफत से कम नहीं है। यहां के व्यापारी पिछले 15-20 सालों से बारिश होते ही दुकानों में पानी घुसने के डर (भय के साये) में जी रहे हैं। इस वर्ष वर्ल्ड बैंक द्वारा सड़क निर्माण कर इसे आधुनिक रूप तो दिया गया, लेकिन इस सुधार ने दुकानदारों की मुसीबत को और ज्यादा बढ़ा दिया है।

सड़क ऊंची होने से बढ़ी मुसीबत, पानी-पानी हुईं दुकानें

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पहले केवल बहुत भारी बारिश होने पर ही दुकानों में पानी घुसता था। लेकिन अब वर्ल्ड बैंक द्वारा बनाई गई नई सड़क काफी ऊंची हो गई है, जिसके कारण स्थिति बदतर हो चुकी है। अब आलम यह है कि अगर थोड़ी सी भी हल्की वर्षा हो जाए, तो पानी का रुख सीधा दुकानों की तरफ हो जाता है और दुकानें लबालब भर जाती हैं।

आज दोपहर को हुई मामूली सी बारिश ने ही पूरी मार्केट की पोल खोल कर रख दी। पानी भरने के कारण यहां स्थित ढाबा, सुनार की दुकान, क्लीनिक, हेयर ड्रेसर और अन्य कई छोटे-बड़े दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका कीमती सामान खराब होने की कगार पर पहुंच गया।

लोक निर्माण विभाग से वर्ल्ड बैंक के पास गया जिम्मा, पर सुनवाई शून्य

व्यापारियों ने बताया कि बाजार में पानी की निकासी के लिए नाली तो बनी है, लेकिन उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। पहले जब यह सड़क लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीन थी, तो विभाग समय-समय पर नाली की सफाई करवा देता था जिससे पानी का निकास हो जाता था। मगर अब जब से यह सड़क वर्ल्ड बैंक के प्रोजेक्ट के अधीन आई है, तब से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है। दुकानदार अपनी शिकायत लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के पास जा चुके हैं, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

बाजार के सभी दुकानदारों ने उपायुक्त सोलन से लगाई गुहार

इस गंभीर समस्या से परेशान होकर मार्केट के प्रधान राजेश कुमार सहित सुनील कुमार, बिपिन निरंकारी, पाली वर्मा, करतार सिंह, नरेंद्र, डॉ. बलदेव, अश्वनी, विजय कुमार, डॉ. अनवर, सुरिंदर सैनी, तरसेम शर्मा, कुलदीप राजपूत, चंदन पूर्वे, सुरेश चोपड़ा, संजू, नितिन चोपड़ा, राजू, रानू, दर्शन बाल्मीकि, राजेश चाणक्य और अमित गुप्ता आदि तमाम दुकानदारों ने रोष प्रकट किया है।

दुकानदारों ने कहा कि वे अरसे से इस समस्या का दंश झेल रहे हैं और अब उनके सब्र का बांध टूट रहा है। उन्होंने उपायुक्त (DC) सोलन से पुरजोर मांग की है कि झाड़माजरी बस स्टैंड की इस पुरानी और गंभीर समस्या का संज्ञान लिया जाए और निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करवाकर उन्हें इस मानसिक व आर्थिक प्रताड़ना से तुरंत निजात दिलाई जाए।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।