देवठी स्कूल के वार्षिक समारोह में विनोद सुल्तानपुरी ने खेल मैदान के लिए दिए तीन लाख

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवठी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में कसौली निर्वाचन क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि एपीएमसी के अध्यक्ष रोशन ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, वंशिका शर्मा को मिला विशेष पुरस्कार

समारोह के दौरान नर्सरी से लेकर जमा दो कक्षा तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों ने गिद्दा, पंजाबी, हरियाणवी, राजस्थानी नृत्य, कत्थक और हिमाचली नाटी की शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बांध दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जरनैल सिंह नेगी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्कूल की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा रखा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लगभग 150 मोमेंटो और 70 मेडल देकर सम्मानित किया। विशेष उपलब्धि के लिए जमा दो (नॉन मेडिकल) की छात्रा वंशिका शर्मा को ‘इंस्पायर’ कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए विशेष पुरस्कार से नवाजा गया।

विधायक ने दिए तीन लाख रुपये, पांच अच्छी आदतें अपनाने का आह्वान

मुख्य अतिथि विनोद सुल्तानपुरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनसे प्रतिदिन पांच अच्छी आदतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नैतिक मूल्यों और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान को पक्का करने के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये तथा विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रसन्न होकर अपनी ऐच्छिक निधि से 21,000 रुपये देने की घोषणा की।

पूर्व छात्र रहे रोशन ठाकुर ने साझा कीं यादें, की 11 हजार की घोषणा

विशेष अतिथि रोशन ठाकुर ने विद्यालय के साथ अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए बताया कि वे इसी स्कूल के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं और लगभग दस वर्षों तक विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर अपनी ऐच्छिक निधि से 11,000 रुपये देने की घोषणा की।

समारोह में कसौली विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारियों, देवठी, रणों, तोप की बेड़ एवं चामत-भड़ेच पंचायतों के प्रधानों व उपप्रधानों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सेवानिवृत्त अध्यापकों और अभिभावकों सहित लगभग 600 लोग उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed