धौलाकुआं अनाज मंडी बंद नहीं होगी, डॉ. बिंदल फैला रहे भ्रम! : विधायक अजय सोलंकी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : धौलाकुआं अनाज मंडी को बंद करने के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के आरोपों पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने तीखा पलटवार किया है। सोलंकी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे केवल भ्रम फैलाने और घटिया राजनीति करने का प्रयास करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धौलाकुआं में किसानों के लिए अनाज खरीद केंद्र पूरी तरह संचालित रहेगा और फसल बेचने का समय आने से पहले किसानों के लिए सभी उचित व्यवस्थाएं कर ली जाएंगी।

विधायक अजय सोलंकी ने विवाद की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्तमान में जिस जमीन पर खरीद केंद्र चल रहा है, वह कृषि विज्ञान केंद्र की है। इस जमीन को स्थायी रूप से मंडी के लिए देने से कृषि विज्ञान केंद्र के अपने संचालन और मानकों पर संकट आ सकता है। किसानों के व्यापक हितों को देखते हुए एपीएमसी (APMC) के माध्यम से आसपास कृषि विभाग की वैकल्पिक जमीन की तलाश की जा रही है। इसका प्रस्ताव प्रक्रिया में है और जल्द ही उपयुक्त स्थान का चयन कर नया खरीद केंद्र स्थापित कर दिया जाएगा।

सोलंकी ने डॉ. बिंदल को तथ्यों के साथ बात करने की सलाह देते हुए याद दिलाया कि वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान ही कृषि विज्ञान केंद्र की जमीन को अस्थायी तौर पर लिया गया था। तब भी स्थायी विकल्प खोजने का दावा किया गया था, लेकिन सिर्फ पोर्टेबल ढांचा खड़ा कर काम चलाया जाता रहा। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार धौलाकुआं में कृषि महाविद्यालय (Agriculture College) स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रही है, ऐसे में कृषि विज्ञान केंद्र की जमीन का स्थायी उपयोग कृषि क्षेत्र के विकास में बाधा बन सकता है।

विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी परिस्थिति में उनकी फसल की खरीद प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने बिंदल पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को किसानों के नाम पर राजनीति करने और भ्रम फैलाने के बजाय केंद्र सरकार से हिमाचल के किसानों के लिए बेहतर योजनाएं और सुविधाएं दिलवाने का प्रयास करना चाहिए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।