नाहन: 11 लाख की लागत से संवरेगा वाल्मीकि समुदाय भवन, निर्माण कार्य का हुआ विधिवत शुभारंभ

नाहन : श्री वाल्मीकि नगर स्थित वाल्मीकि समुदाय भवन परिसर के सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यकरण की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। युवा विकास क्लब (पंजीकृत) के तत्वावधान में आयोजित एक विशेष बैठक के उपरांत, समुदाय भवन की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) के निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। इस महत्वाकांक्षी निर्माण कार्य को पारदर्शिता और सुचारू रूप से अमलीजामा पहनाने के लिए क्लब द्वारा एक विशेष निगरानी समिति का गठन किया गया है। इस समिति में मनोज (टोनी), विशाल, कृष्ण लता, रिंकू बाला, गौतम और अजय को शामिल करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और देखरेख की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि इस निर्माण कार्य की आधारशिला 14 अप्रैल 2023 को रखी गई थी, जब डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक अजय सोलंकी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। उस समय युवा विकास क्लब ने क्षेत्र और समाज की मूलभूत समस्याओं को लेकर विधायक को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने वाल्मीकि समुदाय भवन की चारदीवारी के निर्माण और परिसर में आधुनिक टाइलें लगाने के लिए तुरंत ₹11 लाख की विकास राशि स्वीकृत करने की घोषणा की थी। इसी मांग पत्र के तहत पुरानी छावनी और बड़े श्री वाल्मीकि मंदिर के समीपवर्ती रिहायशी इलाकों में व्याप्त पेयजल संकट का स्थाई समाधान करते हुए विभाग द्वारा नई पाइपलाइन भी पहले ही बिछाई जा चुकी है।

धरातल पर निर्माण कार्य शुरू होने पर युवा विकास क्लब और समस्त वाल्मीकि समाज ने विधायक के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया है। इस उद्घाटन सत्र के दौरान क्षेत्र के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिनमें नगर पालिका नाहन के उपप्रधान प्रदीप सहोत्रा, युवा विकास क्लब के प्रधान राजेश भुम्बक, वाल्मीकि सभा के प्रधान विजय चौटालिया, नवजीवन वाल्मीकि समाज के प्रधान श्याम लाल सोढा और महिला मंडल की प्रधान सरोज भारती ने विशेष रूप से शिरकत की। इनके अलावा हरीश कल्याण, अच्छपाल, राकेश, मनोज, लाजपत राय, रिंकू बाला, कृष्णलता, लवली, रोबिन, अजय और रोशन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।