नाहन : नगर परिषद नाहन की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों में बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से टेंडर जारी किए गए हैं। इसके तहत शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों, रास्तों, नालियों और सार्वजनिक शौचालयों के जीर्णोद्धार एवं रखरखाव के कार्य संपन्न करवाए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग तथा जल शक्ति विभाग के साथ पंजीकृत ठेकेदार इन कार्यों के लिए आवेदन करने के लिए पात्र होंगे।
विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक ठेकेदार 2 सितंबर 2026 को शाम 5:00 बजे तक नगर परिषद कार्यालय से टेंडर फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। भरे हुए टेंडर फॉर्म 3 सितंबर 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक जमा करवाए जा सकेंगे, जिन्हें उसी दिन उपस्थित ठेकेदारों या उनके प्रतिनिधियों के समक्ष खोला जाएगा। प्रत्येक कार्य के लिए टेंडर फॉर्म शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि धरोहर राशि (EMD) का भुगतान केवल एफडीआर के माध्यम से स्वीकार्य होगा।

इस टेंडर प्रक्रिया के तहत वार्डों को चार अलग-अलग समूहों—वार्ड नंबर 1, 8, 9, 10; वार्ड नंबर 2, 3, 7; वार्ड नंबर 4, 5, 6 तथा वार्ड नंबर 11, 12, 13 में बांटा गया है। प्रत्येक समूह के रखरखाव व मरम्मत कार्य के लिए 4.75-4.75 लाख रुपये की अनुमानित लागत तय की गई है, जिसके लिए ठेकेदारों को 14,250 रुपये धरोहर राशि जमा करवानी होगी। इसके अतिरिक्त रामाकुंडी मार्ग, कच्चा टैंक स्थित छावनी स्कूल के पास (हरिओम स्टेशनरी के समीप) तथा एमसी क्षेत्र के अन्य शौचालयों के निर्माण व मरम्मत के लिए भी 4.75 लाख रुपये का बजट और 14,250 रुपये EMD निर्धारित की गई है।
अन्य प्रमुख निर्माण कार्यों में वार्ड नंबर 2 (मोहाल हरिपुर) में सीएमओ कार्यालय से मैरिज हॉल तक रास्ते के जीर्णोद्धार के लिए 4.75 लाख रुपये (EMD ₹14,250) और एमसी रेस्ट हाउस से सीएमओ कार्यालय की ओर नाली सुधार के लिए 2.30 लाख रुपये (EMD ₹6,900) स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही वार्ड नंबर 3 में सेंट्रल जेल सड़क की मरम्मत के लिए 2.85 लाख रुपये (EMD ₹8,550), गन्नूघाट से सेंट्रल जेल मार्ग के लिए 1.90 लाख रुपये (EMD ₹5,700) तथा लालटेन चौक से पटवार खाना के पास रास्ते की मरम्मत के लिए 95,000 रुपये (EMD ₹2,850) की अनुमानित लागत तय की गई है।