नाहन: कौलांवाला भूड़ पंचायत के अंतर्गत गुज्जर बस्ती सड़क पर लावारिस अवस्था में सरकारी सीमेंट के बोरे मिलने से हड़कंप मच गया है। सड़क किनारे पड़े इन सीमेंट बैगों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने सरकारी सामग्री की अनदेखी व संभावित दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं।
इस पूरे मामले पर जब विकास खंड अधिकारी (BDO) नाहन राहुल धीमान से बात की गई, तो उन्होंने एक अहम और गंभीर जानकारी दी। BDO ने बताया कि पिछले करीब 8 महीनों से उस क्षेत्र में उनके (ब्लॉक) विभाग का कोई भी निर्माण या विकास कार्य नहीं चल रहा है।

हालांकि, BDO राहुल धीमान ने यह भी स्पष्ट किया कि उस क्षेत्र में कुछ अन्य विभागों के विकास कार्य भी चल रहे हैं। ऐसे में यह सीमेंट किस विभाग का है, किसके लिए अलॉट हुआ था और इस तरह लावारिस क्यों पड़ा है—यह पूरी तरह से गहन जांच का विषय है।
BDO ने आश्वासन दिया कि मामला ध्यान में आते ही विभाग ने इसका संज्ञान लिया है। जल्द ही मौके पर टीम भेजकर इसकी विस्तृत पड़ताल करवाई जाएगी। जांच में सबसे पहले यह पता लगाया जाएगा कि यह सीमेंट किस विभाग का है और इसे वहां इस तरह लावारिस छोड़ने का जिम्मेदार कौन है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही, गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सड़क किनारे सरकारी संपत्ति के इस तरह पड़े मिलने और BDO के बयान के बाद अब यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय निवासियों की नजरें अब ब्लॉक प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त जांच पर टिकी हैं, ताकि सच सामने आ सके।