नाहन-पांवटा एनएच पर ट्रालों ने रोकी रफ्तार, पुलिस ने मौके पर ही ठोका 22 हजार का चालान

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर भारी मालवाहक ट्रालों की आवाजाही आम यात्रियों के लिए आफत बन गई है। शुक्रवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच शंभूवाला में थापा हट के समीप एक साथ तीन ट्रालों के उलझने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हादसे के वक्त सुबह तड़के का समय होने के कारण अचानक ही मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे दैनिक यात्रियों, कामकाजी लोगों और चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब एक ट्राला चालक दूसरे वाहन से पास लेने की कोशिश में आगे बढ़ा, लेकिन संकरे मार्ग और मोड़ के कारण वह बीच सड़क में ही फंस गया। इसी दौरान सामने व पीछे से आ रहे अन्य ट्राले भी खुद को बचाने के चक्कर में सड़क के किनारे कच्चे हिस्से में उतर गए और ढलान में धंस गए। देखते ही देखते सड़क का मुख्य हिस्सा पूरी तरह ब्लॉक हो गया और दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों के पहिए थम गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चे को संभाला और यातायात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस कर्मियों ने बारी-बारी से दोनों ओर से एक-एक लेन निकालकर छोटे वाहनों को निकालने की कड़ी मशक्कत की। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस प्रशासन लगभग तीन घंटे बाद जाम को खुलवाने में सफल रहा। हालांकि, भारी ट्रालों को सड़क से पूरी तरह हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का काम जारी है, जिसके दोपहर तक पूरी तरह सुचारू होने के आसार हैं।

गौरतलब है कि थापा हट का यह स्थान ट्रालों के फंसने के लिहाज़ से काफी संवेदनशील बनता जा रहा है। कुछ समय पहले भी ठीक इसी जगह पर एक ट्राला सड़क के बीचों-बीच फंस गया था, जिसके चलते पुलिस को रूट डायवर्ट तक करना पड़ा था। उस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन और अव्यवस्था फैलाने पर पुलिस ने कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित वाहन का 22,000 रुपये का भारी चालान भी काटा था। इसके बावजूद चालकों द्वारा बरती जा रही लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को बार-बार घंटों ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।