नाहन : सिरमौर जिले के नाहन थाना क्षेत्र के तहत गांव शाही ओडर में एक व्यक्ति के साथ मारपीट और रास्ता रोकने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नरपत सिंह, पुत्र माताराम, निवासी गांव शाही ओडर (डाकघर चाकली, तहसील नाहन) ने बताया कि बीते कल जब वह अपनी बकरियों को लेकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही रहने वाले सत्याराम और बाबूराम ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

अचानक हुए इस हमले और मारपीट के कारण नरपत सिंह को शरीर पर काफी चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित ने नाहन पुलिस थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण करवाया गया है और मामले में आगे की कानूनी जांच अमल में लाई जा रही है।