नाहन: भारतीय जनता पार्टी द्वारा 16 सितंबर को नाहन स्थित जिला भाजपा कार्यालय में दोपहर 12:30 बजे एक विशाल जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल करेंगे। इसके अलावा सांसद सुरेश कश्यप अतिविशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन में विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर, जिलाध्यक्ष धीरज गर्ग तथा रेणुका से पूर्व प्रत्याशी नारायण सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

सम्मेलन को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज नाहन में पार्टी पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
डॉ. बिंदल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन में भाजपा मंडल नाहन-धारटी, माता त्रिलोकपुर और माता कटासन मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी पोलिंग बूथों की समितियां, पंचायतों व नगर निकायों के नवनिर्वाचित एवं पूर्व प्रतिनिधि, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और मंडल स्तर के कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और तैयारियां जोरों पर हैं।