नाहन : सिरमौर ज़िले के मुख्यालय नाहन के गोविंदगढ़ क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ छत से सीढ़ियाँ उतरते समय संतुलन बिगड़ने के कारण 26 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की पहचान राहुल सिंह (पुत्र सनी सिंह) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, राहुल सुबह छत पर पतंग उड़ा रहा था। पतंगबाज़ी के दौरान जब वह दूसरी पतंग लाने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसल गया। नीचे गिरते ही वहाँ पड़ा एक लोहे का सरिया उसके पेट में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत एकत्र हो गए।

घटना के फ़ौरन बाद परिजन और पड़ोसी लहूलुहान अवस्था में राहुल को इलाज के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज नाहन लेकर पहुँचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो शुरू किया, लेकिन अंदरूनी चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
पीजीआई चंडीगढ़ में डॉक्टरों की विशेष टीम ने आपातकालीन चिकित्सा प्रक्रिया और इलाज शुरू कर दिया है। ताज़ा जानकारी के मुताबिक युवक की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है और स्थानीय लोग युवक के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।