नाहन : तारुवाला (पांवटा साहिब) में आयोजित अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में शमशेर स्कूल की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए हैंडबॉल और टेबल टेनिस में पहला स्थान हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि फुटबॉल प्रतियोगिता में टीम रनर-अप रही।
शारीरिक शिक्षक अजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हैंडबॉल के मुकाबलों में नाहन की टीम ने सरहां को 16-1 से, डांडा को 17-4 से और सेमीफाइनल में कोटड़ी व्यास की टीम को 23-9 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में नाहन ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनौर को 24-8 के बड़े अंतर से मात देकर जिला विजेता का खिताब अपने नाम किया। इसी तरह टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भी नाहन के छात्रों ने दबदबा बनाए रखते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य कुसुमलता कौशल ने इस ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्पोर्ट्स फैकल्टी, पीटीआई, डीपीई सर और विजेता छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों और शिक्षकों की दिन-रात की मेहनत का ही परिणाम है कि नाहन स्कूल ने जिले में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है।
जिला स्तर पर जीत दर्ज करने के बाद अब यह विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मंडी रवाना होंगे। इस शानदार प्रदर्शन से स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।