नाहन से गायब 2 नाबालिग लड़कियां और 1 बालक सकुशल बरामद, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

नाहन : सिरमौर जिला पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में घर से बिना बताए गायब हुए तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना सदर नाहन की टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जबकि एक बालक को शिमला से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है और सूचना मिलते ही तुरंत कदम उठाए गए।

एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने पहले मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 24 जुलाई को पुलिस थाना सदर नाहन में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अभियोग संख्या पंजीकृत किया गया था। इस मामले में दो नाबालिग लड़कियां परिजनों को बिना कुछ बताए अचानक अपने घर से गायब हो गई थीं। मामला दर्ज होते ही सदर थाना पुलिस ने बिना कोई वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद उसी दिन दोनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। सभी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चियों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

दूसरे मामले का ब्यौरा देते हुए एसपी नेगी ने बताया कि 27 जुलाई को पुलिस थाना सदर नाहन में धारा BNS के तहत ही एक और अभियोग दर्ज किया गया। इसमें एक नाबालिग बालक 25 जुलाई को घर से बिना बताए कहीं चला गया था। सिरमौर पुलिस की विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और तकनीकी सहायता व नेटवर्क के जरिए बालक की लोकेशन ट्रेस की। टीम ने मुस्तैदी से काम करते हुए उक्त नाबालिग बालक को जिला शिमला से सकुशल बरामद कर लिया है।

एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सिरमौर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आमजन और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और किसी भी अप्रिय स्थिति या बच्चों के गायब होने की सूरत में तुरंत स्थानीय पुलिस थाना या आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।